रक्षा सूत्र बांधकर पुलिस जवानों और वृक्षों की दीर्घायु की कामना






रक्षासूत्र बांधकर जिला पंचायत सदस्य उमा राजेंद्र राठौर ने पौधा एवं चांपा थाना प्रभारी अशोक कुमार वैष्णव एवं सभी पुलिस जवानों की दीर्घायु की कामना की
जनादेश 24न्यूज चांपा। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर बिहान समूह की कैडर महिलाओं ने सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया। समूह की कैडर सुनीता दुबे, रूपलता राठौर, पुष्पा राठौर, सुभद्रा देवांगन एवं सावित्री राठौर सहित जिला पंचायत सदस्य उमा राजेंद्र राठौर ने चांपा थाना पहुंचकर पुलिस जवानों को रक्षा सूत्र बांधा।
इन महिलाओं ने चांपा थाना प्रभारी अशोक कुमार वैष्णव को भी रक्षा सूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की। इस दौरान पुलिस जवानों के प्रति सम्मान और भाईचारे की भावना व्यक्त की गई।
इसके साथ ही महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षों को भी रक्षा सूत्र बांधा और उनके संरक्षण एवं दीर्घायु की मंगल कामना की। महिलाओं ने कहा कि जिस प्रकार भाई-बहन के रिश्ते की रक्षा का संकल्प लिया जाता है, उसी प्रकार हमें पेड़-पौधों और पर्यावरण की रक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए।
इस पहल के माध्यम से बिहान समूह की महिलाओं ने समाज सेवा, पुलिस के प्रति सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।