86 पौधों का रोपण कर डॉ. रामखिलावन यादव ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जनादेश 24 न्यूज के संपादक एवं समाजसेवी डॉ. रामखिलावन यादव ने 86 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरण असंतुलन को रोकने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
डॉ. रामखिलावन यादव का पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान रहा है। वे पूर्व में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र भी रह चुके हैं। उन्होंने आचार्य श्री राम शर्मा उच्चतर माध्यमिक शाला, कमरीद से कक्षा दसवीं और बारहवीं की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद चांपा कॉलेज से बीएससी तथा समाजशास्त्र विषय में एमए की डिग्री हासिल की।
डॉ. यादव ने बताया कि उन्होंने कक्षा दसवीं से ही पौधरोपण का कार्य शुरू कर दिया था। स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने का संकल्प लेते हुए वे आज भी निरंतर पौधे लगाने और उनकी देखभाल का कार्य कर रहे हैं। उनका लक्ष्य अपने जीवनकाल में कम से कम 101 बरगद और पीपल के वृक्षों का रोपण करना है।
उन्होंने कहा कि बरगद और पीपल के वृक्ष अधिक मात्रा में ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और लंबे समय तक जीवित रहते हैं। धार्मिक मान्यताओं के कारण भी इन वृक्षों के प्रति लोगों में विशेष आस्था है। पीपल और बरगद के वृक्षों की पूजा की जाती है, इसलिए लोग इन्हें नुकसान पहुंचाने से भी बचते हैं।
सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय डॉ. यादव को कुछ दिन पूर्व नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
पौधरोपण के दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए ये 86 पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर पर्यावरण का आधार बनेंगे।
डॉ. यादव ने कहा कि “एक व्यक्ति–एक वृक्ष” का संकल्प लेकर हम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।