Uncategorized

स्वामी आत्मानंद विद्यालय में छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर बांधी प्रेम और सम्मान की राखी

स्वामी आत्मानंद विद्यालय में छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर बांधी प्रेम और सम्मान की राखी।

रक्षाबंधन पर्व पर ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी।

चांपा। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पावन पर्व रक्षाबंधन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, चांपा में आत्मीय एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान, स्नेह एवं कृतज्ञता व्यक्त की। छात्राओं ने समाज की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी चांपा श्री लोकेश बंसल ने पुलिस विभाग द्वारा संचालित ‘साइबर जागृति अभियान’ एवं ‘संकल्प—साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ के अंतर्गत विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा ओटीपी, बैंक खाता एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की गई।

इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य श्री संजय जैन, एसडीओपी श्री लोकेश बंसल, थाना प्रभारी श्री अशोक वैष्णव, श्री संजय कुमार धीवर, श्रीमती ईश्वरी राठौर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय की ओर से गोविंद नारायण शर्मा, श्रीमती निमिषा जेम्स, श्रीमती रीतू सिंह, रामचरण राठौर, श्रीमती सविता महिलांग,रोशनी बाजपेयी एस.डी. बर्मन, आर.के. तम्बोली,सोमनाथ राजेश उपाध्याय पाण्डेय,मनोज वारे,संतोष यादव,कृष्णा यादव विजय यादव,रंजीत खुसरों सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।

संस्था के प्राचार्य श्री संजय जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व ही नहीं, बल्कि यह सुरक्षा, विश्वास, जिम्मेदारी और सामाजिक सौहार्द का भी प्रतीक है। पुलिस के जवान दिन-रात समाज की सुरक्षा में तत्पर रहते हैं। ऐसे में छात्राओं द्वारा उनकी कलाई पर राखी बांधना पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सम्मान की सुंदर अभिव्यक्ति है।

उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सुरक्षित, जागरूक एवं साइबर अपराध मुक्त समाज के निर्माण में विद्यालय परिवार अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में पुलिस के प्रति सम्मान के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश भी प्रसारित हुआ।

उक्ताशय की जानकारी शिक्षक डॉ. रविन्द्र द्विवेदी ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *