
गौमाता की सेवा और प्रकृति संरक्षण का संदेश: देव संस्कृति विश्वविद्यालय में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा
गौमाता की सेवा और प्रकृति संरक्षण का संदेश: देव संस्कृति विश्वविद्यालय में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा
विधिवत पूजन-अर्चन के बीच गूंजा भक्तिभाव का संदेश, शांतिकुंज परिवार एवं विद्यार्थियों ने लिया गोसंरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का प्रेरक संकल्प
हरिद्वार। भारतीय संस्कृति, प्रकृति प्रेम और गौसेवा की पावन परंपरा को जीवंत करते हुए देव संस्कृति विश्वविद्यालय की गौशाला में गोवर्धन पूजा श्रद्धा, आस्था एवं उल्लास के साथ धूमधाम से संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर वातावरण भक्तिभाव से सराबोर रहा और उपस्थित श्रद्धालुओं ने गौमाता एवं गोवर्धन भगवान के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम में शांतिकुंज महिला मंडल की अध्यक्षा आदरणीया शैफाली पंड्या दीदी जी एवं शांतिकुंज व्यवस्थापक आदरणीय योगेंद्र कुमार गिरि जी ने विधिवत पूजन-अर्चन कर गौमाता एवं गोवर्धन भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं गायत्री परिजनों ने भी श्रद्धापूर्वक सहभागिता करते हुए भारतीय संस्कृति की इस महान परंपरा को आत्मसात किया।
इस अवसर पर गोवर्धन पूजा के पौराणिक इतिहास एवं धार्मिक महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार को दूर करने और मानव समाज को प्रकृति एवं गोवंश संरक्षण का संदेश देने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुली पर धारण किया था। भगवान श्रीकृष्ण की यह लीला केवल आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सम्मान, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा और सामूहिक एकता का प्रेरणादायी संदेश भी देती है।
गोवर्धन पूजा का यह पावन पर्व हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ते हुए प्रकृति, पर्यावरण एवं गोवंश के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देता है। देव संस्कृति विश्वविद्यालय की गौशाला में आयोजित इस श्रद्धामय कार्यक्रम ने सभी उपस्थित जनों के मन में सेवा, संस्कार और संरक्षण का भाव और अधिक प्रगाढ़ कर दिया।
इस अवसर पर शांतिकुंज एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कार्यकर्ता, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में गायत्री परिजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर गौसेवा और प्रकृति संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
गोवर्धन पूजा का यह आयोजन भारतीय संस्कृति की उस महान भावना का सशक्त संदेश बनकर उभरा, जिसमें प्रकृति की रक्षा, गौमाता की सेवा और मानवता के कल्याण को सर्वोच्च स्थान दिया गया है।



