उदईबान गांव में महानदी पर रेत की अंधाधुंध खोदाई, नियम-कायदे ताक पर


बिलासपुर – क्षेत्र के उदईबान गांव में महानदी से रेत के अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां चेन माउंटेन मशीन लगाकर नदी से धड़ल्ले से रेत निकाली जा रही है, जबकि नियमों के अनुसार नदियों में भारी मशीनों के उपयोग पर रोक है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग मौन है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।


ग्रामीणों का कहना है कि NGT के नियमों को दरकिनार कर महानदी का सीना छलनी किया जा रहा है। मशीनों से लगातार रेत निकालने से नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। लेकिन खनिज विभाग के अफसरों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
PMGSY सड़क पर भारी वाहनों का कहर
रेत से भरे हाइवा, ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की सड़क पर लगातार दौड़ रहे हैं। इससे करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क टूटने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो कुछ ही महीनों में सड़क पूरी तरह जर्जर हो जाएगी।
साथ ही भारी वाहनों की तेज आवाजाही से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। गांव के लोगों में इसको लेकर आक्रोश है और उनका गुस्सा कभी भी फूट सकता है।
आखिर कब जागेगा प्रशासन?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब खुलेआम मशीनों से रेत उत्खनन हो रहा है, तो प्रशासन और खनिज विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं? क्या जिम्मेदार अधिकारी संरक्षण दे रहे हैं या फिर जानबूझकर आंखें मूंदे बैठे हैं?
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कार्रवाई करता है या फिर अवैध उत्खनन का खेल ऐसे ही चलता रहेगा।
क्या कहते हैं नियम?
नदियों से रेत निकालने के लिए चेन माउंटेन, जेसीबी जैसी भारी मशीनों के उपयोग पर रोक है। केवल मजदूरों द्वारा मैनुअल तरीके से रेत निकालने की अनुमति होती है, ताकि नदी के इकोसिस्टम और जलधारा को नुकसान न पहुंचे।