एसपी विजय पाण्डेय का बड़ा एक्शन: चांपा TI लाइन अटैच, कमलेश शेण्डे को मिली थाना प्रभारी की कमान


कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, चार अधिकारी-कर्मचारियों का तबादला

जांजगीर-चांपा। जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत चांपा थाना प्रभारी को लाइन अटैच करते हुए दो थानों के प्रभारियों सहित कुल चार अधिकारी-कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वैष्णव को चांपा थाना से हटाकर रक्षित केंद्र जांजगीर भेजा गया है। वहीं चांपा थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल दिवाकर का भी स्थानांतरण रक्षित केंद्र जांजगीर किया गया है।
इसी क्रम में सारागांव थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेण्डे को चांपा थाने की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। कमलेश शेण्डे अब चांपा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की कमान संभालेंगे।
वहीं यातायात शाखा में पदस्थ निरीक्षक प्रमोद कश्यप को सारागांव थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एसपी विजय कुमार पाण्डेय के इस फैसले के बाद अब चांपा और सारागांव थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग की नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों की कार्यशैली पर लोगों की नजर रहेगी।