Uncategorized

चांपा में आयकर का बड़ा एक्शन: कोयला कारोबारी के ठिकानों पर छापा, शहर में मची हड़कंप

बिलासपुर और चांपा में एक साथ कार्रवाई, मुख्य गेट बंद कर पुलिस तैनात; अंदर जांच जारी

चांपा। शहर में गुरुवार को उस समय अचानक हलचल तेज हो गई जब आयकर विभाग की टीम ने एक कोयला व्यापारी के प्रतिष्ठान पर दबिश दी। जानकारी के अनुसार आयकर विभाग ने बिलासपुर और चांपा स्थित ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की है, जिससे पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है।

बताया जा रहा है कि बिर्रा रोड स्थित एक कोयला व्यापारी के प्रतिष्ठान पर सुबह करीब 11:30 बजे आयकर विभाग की टीम पहुंची। “उड़नदस्ता” लिखी दो गाड़ियों से करीब 10 से 12 अधिकारी मौके पर पहुंचे और सीधे परिसर में प्रवेश कर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों के अंदर जाते ही प्रतिष्ठान का मुख्य गेट बंद करवा दिया गया।

गेट पर पुलिस तैनात, किसी को अंदर-बाहर की अनुमति नहीं

कार्रवाई शुरू होते ही सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य गेट पर पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया। अंदर मौजूद कर्मचारियों को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई और बाहरी लोगों का प्रवेश भी पूरी तरह से रोक दिया गया। इससे आसपास के लोगों में उत्सुकता और चिंता दोनों देखने को मिली।

अंदर क्या चल रही है जांच, आधिकारिक पुष्टि नहीं

सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की टीम दस्तावेजों की जांच और लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है, हालांकि अंदर क्या-क्या कार्रवाई चल रही है इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। आयकर विभाग की ओर से भी फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इलाके में चर्चा का बाजार गर्म

कार्रवाई की खबर फैलते ही आसपास के व्यापारियों और रहवासियों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। लोगों में इस बात को लेकर जिज्ञासा है कि आखिर जांच किस मामले में की जा रही है और इसमें क्या खुलासा होगा।

देर शाम तक जारी रह सकती है कार्रवाई
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि आयकर विभाग की टीम देर शाम तक दस्तावेजों की जांच कर सकती है। आधिकारिक जानकारी आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *