अब स्कूल की चौखट से निकलकर मोहल्लों तक पहुंचे शिक्षक, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने सिवनी में शुरू हुई अभिनव पहल

मोहल्ला पीटीएम’ से पालकों और शिक्षकों के बीच बढ़ेगा संवाद, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और बेहतर पढ़ाई पर विशेष जोर
जनादेश 24 सिवनी (विकासखंड बलौदा)। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शाला में समुदाय की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से विकासखंड बलौदा के ग्राम सिवनी स्थित बालक प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में एक सराहनीय एवं अभिनव पहल की शुरुआत की गई है। शिक्षक अशोक तिवारी के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस विशेष अभियान को ‘मोहल्ला पीटीएम’ नाम दिया गया है। इस पहल के माध्यम से अब शिक्षक स्वयं बच्चों के मोहल्लों तक पहुंचकर पालकों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।
इस अभिनव पहल के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए शिक्षक अशोक तिवारी ने बताया कि बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति और पढ़ाई के स्तर में सुधार लाने के लिए सभी पालकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क स्थापित करना आवश्यक है। इसी सोच के साथ साप्ताहिक मोहल्ला पीटीएम कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इसके तहत कक्षा पहली से आठवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों की मोहल्लेवार सूची तैयार की गई है।
कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक शनिवार को विद्यालयीन समय के अतिरिक्त शिक्षकों की अलग-अलग टीमें गठित कर गांव के विभिन्न पारा-मोहल्लों में पहुंचती हैं और वहां पालकों की बैठक आयोजित करती हैं। बैठक की सूचना एक दिन पूर्व ही बच्चों के माध्यम से पालकों तक पहुंचाई जाती है, ताकि निर्धारित समय और स्थान पर अधिक से अधिक पालक उपस्थित हो सकें।
चिल्हा पारा से हुई अभियान की शानदार शुरुआत
मोहल्ला पीटीएम अभियान की शुरुआत गांव के चिल्हा पारा से की गई, जहां मोहल्ले के पालकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। बैठक में शिक्षकों ने बच्चों के रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी पालकों को दी। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने, घर पर प्रतिदिन पढ़ाई के लिए समय देने तथा उनकी शैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।
बैठक में पालकों ने भी खुलकर अपने विचार रखे। उन्होंने बच्चों को नियमित गृहकार्य देने तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक शिक्षण (रिमेडियल टीचिंग) की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। पालकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
25 बच्चों के पालकों की रही सहभागिता
इस बैठक में शिक्षक राजू देवांगन, अशोक तिवारी, यशवंत देवांगन, नरेश देवांगन, घनश्याम शुक्ला, ज्योति दास महंत एवं गीता श्रीवास उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने अपने-अपने कक्षा के विद्यार्थियों के रिपोर्ट कार्ड पर उनके पालकों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। बैठक में कुल 25 बच्चों के माता-पिता ने उपस्थित होकर अपने बच्चों की पढ़ाई और प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
हर सप्ताह अलग-अलग मोहल्लों में पहुंचेगी शिक्षकों की टीम
शिक्षकों ने बताया कि मोहल्ला पीटीएम का यह क्रम प्रत्येक सप्ताह गांव के अलग-अलग मोहल्लों में निरंतर जारी रखा जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य केवल पालकों की बैठक आयोजित करना नहीं, बल्कि विद्यालय, शिक्षक, पालक और समुदाय के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करना है, ताकि प्रत्येक बच्चा नियमित विद्यालय आए और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सके।
निश्चित रूप से सिवनी की यह ‘मोहल्ला पीटीएम’ पहल शिक्षा व्यवस्था में जनभागीदारी का एक अनुकरणीय उदाहरण बन सकती है। जब शिक्षक बच्चों की शिक्षा को लेकर स्वयं पालकों के दरवाजे तक पहुंचते हैं, तो शिक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी दोनों बढ़ती हैं। यह पहल इस संदेश को भी मजबूत करती है कि बच्चों का बेहतर भविष्य केवल विद्यालय की नहीं, बल्कि शिक्षक, पालक और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।