Uncategorized

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस), चांपा में संचालित हेल्थ केयर व्यावसायिक पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों का 18 नवंबर 2026 को नगर के दो प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया

जनादेश 24न्यूज समाचार व्यावसायिक पाठ्यक्रम हेल्थ केयर के विद्यार्थियों ने किया अस्पतालों का शैक्षिक भ्रमण

सेजेस चांपा के 74 विद्यार्थियों ने चिकित्सा विशेषज्ञों से प्राप्त की स्वास्थ्य सेवाओं एवं आधुनिक चिकित्सा पद्धति की व्यावहारिक जानकारी

राज्य माध्यमिक शिक्षा मिशन के निर्देशानुसार नवीन व्यावसायिक पाठ्यक्रम के अंतर्गत अध्ययनरत नियमित छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक ज्ञान एवं कार्यक्षेत्र का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से शैक्षिक भ्रमण कराने का प्रावधान है। इसी तारतम्य में नगर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस), चांपा में संचालित हेल्थ केयर व्यावसायिक पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों का 18 नवंबर 2026 को नगर के दो प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया।

सेजेस चांपा में हेल्थ केयर व्यावसायिक पाठ्यक्रम के प्रशिक्षक श्री मनोज बघेल के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस भ्रमण के अंतर्गत कक्षा 9वीं के 31 एवं कक्षा 10वीं के 14, कुल 45 छात्र-छात्राओं ने निहारिका नायक मेटरनिटी एंड सर्जिकल हॉस्पिटल, चांपा का भ्रमण किया। वहीं कक्षा 11वीं के 12 एवं कक्षा 12वीं के 17, कुल 29 छात्र-छात्राओं ने कृष्णा मल्टी स्पेशलिटी सेंटर, गौरव पथ, चांपा में चिकित्सा सेवाओं की कार्यप्रणाली को निकट से समझा। इस प्रकार कुल 74 विद्यार्थियों ने शैक्षिक भ्रमण का लाभ प्राप्त किया।

भ्रमण के दौरान दोनों अस्पतालों के अनुभवी चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों की टीम ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सुरक्षा के उपाय, विभिन्न बीमारियों से बचाव, रोगों के लक्षण एवं उपचार, चिकित्सा में उपयोग किए जाने वाले आवश्यक उपकरणों तथा ऑपरेशन थिएटर की कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें अत्यंत सरल, रोचक एवं व्यावहारिक तरीके से चिकित्सा जगत की महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया।

इस अवसर पर अस्पतालों के संस्थापक एवं संचालकों ने हेल्थ केयर व्यावसायिक पाठ्यक्रम के अंतर्गत शैक्षिक भ्रमण पर आए सभी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों के ज्ञान एवं कौशल विकास के लिए उपयोगी बताया।

हेल्थ केयर प्रशिक्षक श्री मनोज बघेल ने बताया कि हेल्थ केयर व्यावसायिक पाठ्यक्रम शासन की एक महत्वपूर्ण शैक्षिक पहल है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल एवं व्यावहारिक दक्षता प्रदान करना है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थी स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा प्रबंधन एवं इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में भविष्य के कैरियर के लिए स्वयं को तैयार कर सकते हैं।

इस शैक्षिक भ्रमण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निहारिका नायक मेटरनिटी एंड सर्जिकल हॉस्पिटल एवं कृष्णा मल्टी स्पेशलिटी सेंटर के समस्त चिकित्सकों, चिकित्सा स्टाफ एवं कर्मचारीगण का सराहनीय सहयोग रहा। साथ ही सेजेस चांपा के हिंदी माध्यम की प्रभारी श्रीमती सीमा राठौर, श्रीमती निमिषा जेम्स, श्रीमती रितु सिंह, श्रीमती सविता महिलांग, श्रीमती रोशनी शर्मा, डॉ. रविन्द्र द्विवेदी, एस.डी. बर्मन, जी.एन.एस. शर्मा, आर.के. तम्बोली, आर.के. उपाध्याय, श्री सोमनाथ पाण्डेय एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *