Uncategorized

एसपी विजय कुमार पाण्डेय का कोतवाली जांजगीर पर वार्षिक निरीक्षण

एसपी विजय कुमार पाण्डेय का कोतवाली जांजगीर पर वार्षिक निरीक्षण

निष्पक्ष पुलिसिंग, त्वरित एफआईआर और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा 18 जून 2026 जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने गुरुवार को कोतवाली जांजगीर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस कार्रवाई निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए।

गुंडा, निगरानी एवं आदतन बदमाशों की गतिविधियों पर पैनी नजर
वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र के गुंडा, निगरानीशुदा एवं आदतन बदमाशों का पूरा ब्यौरा तलब किया। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
परेड निरीक्षण से हुई शुरुआत, कार्यकुशलता की ली परीक्षा
निरीक्षण की शुरुआत पुलिस परेड से हुई। इस दौरान एसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से थाना क्षेत्र की आपराधिक गतिविधियों, लंबित मामलों, निगरानी बदमाशों और पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल पूछकर उनकी जानकारी एवं कार्यकुशलता का परीक्षण किया। संतोषजनक उत्तर देने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए।
सीसीटीएनएस व्यवस्था पर विशेष फोकस
एसपी पाण्डेय ने सीसीटीएनएस प्रणाली का निरीक्षण करते हुए डेटा एंट्री, प्रकरणों की ऑनलाइन प्रगति एवं रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल पुलिसिंग के इस महत्वपूर्ण माध्यम में किसी प्रकार की लंबित प्रविष्टि नहीं रहनी चाहिए। एफआईआर से लेकर चालान तक प्रत्येक कार्रवाई समय पर ऑनलाइन अपडेट हो, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
फरियादियों की शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। शिकायत प्राप्त होने पर आवश्यकतानुसार तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
महिला एवं संवेदनशील मामलों में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं, बच्चों एवं कमजोर वर्गों से जुड़े अपराधों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने महिला अपराधों के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन तथा प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
अवैध शराब और गांजा कारोबारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी ने थाना क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधियों पर कठोर रुख अपनाते हुए अवैध शराब एवं गांजा कारोबारियों के विरुद्ध लगातार और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
अपराध विवेचना की समीक्षा, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर
निरीक्षण के दौरान लंबित अपराधों एवं विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने विवेचकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत जांच सुनिश्चित करें तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि अपराधों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण ही प्रभावी पुलिसिंग की पहचान है।
“जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत”
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास जितना मजबूत होगा, कानून व्यवस्था उतनी ही प्रभावी होगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को आमजन के प्रति संवेदनशील, मित्रवत और जवाबदेह व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *